muzaffarpur_weather_today_

मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। आज नवंबर का अंतिम दिन है। अब ठंड रफ्तार पकड़ने की कोशिश करता हुअा दिख रहा है। आने वाले दिनों में ठिठुरन बढ़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि आज यानी बुधवार को तो मौसम सामान्य ही रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों ठंड से बचाव के लिए तैयारी कर लेना ही उचित है। अगले चार-पांच दिनों के अंदर दिन और रात दोनों ही तापमान में कमी देखने को मिल सकती है। खासकर रात के तापमान में। इसके 10 डिग्री के आसपास तक जाने का अनुमान है। इसके बाद सर्दी में तेजी से बढ़ोतरी महसूस होगी। इसको देखते हुए लोगों को शाम के बाद देर तक खुले में नहीं रहने की सलाह दी गई है।

शाम के बाद ठंड का असर

बुधवार की बात करें तो सुबह में हल्का कुहासा और दिन में धूप निकलेगी। शाम ढलने के साथ ही ठंड का असर दिखेगा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वह सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अगले पांच दिनों के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। डा.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के जलवायु परिवर्तन उच्च अध्ययन केंद्र के अनुसार, अगले चार दिसंबर तक के पूर्वानुमान में उत्तर बिहार के जिलों में आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन चार से छह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 75 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 35 से 40 प्रतिशत के बीच रहेगा। मौसम विभाग के नोडल पदाधिकारी डा.ए. सतार ने बताया कि दुधारू पशुओं के रखरखाव एवं खानपान पर विशेष ध्यान दें। पशुओं को रात में खुले स्थान पर नहीं रखें।