Bihar: मुजफ्फरपुर में छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी तीन गोलियां, अस्पताल में भर्ती

30_03_2023-man_shot_in_muzaffarpur_

Bihar: मुजफ्फरपुर में छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को मारी तीन गोलियां, अस्पताल में भर्ती

मुजफ्फपुर में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली

Bihar Crime प्रॉपर्टी डीलर संगीत कुमार सिंह गुरुवार की सुबह बाइक से जा रहे थे। तभी बदमाशों ने ओवरटेक कर उनका चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग कर दी। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत गंभीर है।

मुजफ्फरपुर। जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। छिनतई का विरोध करने पर बाइक सवार चार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में प्रॉपर्टी डीलर को तीन गोलियां लगी, जिसे गंभीर हालत में बैरिया स्थित एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

वारदात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के होमलेस चौक के निकट की है। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मझौलिया निवासी प्रॉपर्टी डीलर संगीत कुमार सिंह (40) पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में संगीत को पेट, पैर और बांह में गोलियां लगी हैं।

घायल को गंभीर स्थिति में बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोलियां निकाल दी हैं। हालांकि, प्रॉपर्टी डीलर की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वे अभी बेहोश हैं।

फायरिंग की सूचना मिलते ही नगर डीएसपी राघव दयाल और विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल से पुलिस को चार खोखा मिला है। पुलिस घटनास्थल के निकट लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।

ओवरटेक का चेन छीनने का प्रयास

बताया जा रहा है कि संगीत कुमार सिंह गुरुवार की सुबह बाइक से अपने मझौलिया आवास से कलमबाग चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान, दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने होमलेस चौक के निकट ओवरटेक कर उनसे चेन छीनने का प्रयास किया। संगीत ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनपर गोलियां दाग दीं।

Leave a Reply