बिहार में बढ़ी ठिठुरन, पटना में ठंड ने तोड़ा 12 साल का रिकॉर्ड, प्रदेश का सबसे ठंडा जिला गया

Weather

अब भी सामान्य से नीचे है अधिकतम पारा

अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे है। गया का अधिकतम पारा सामान्य से दो डिग्री नीचे 25.8 डिग्री, जबकि भागलपुर का 26.9 और पूर्णिया का 25.7 डिग्री रहा। मौसमविदों का कहना है कि मंगलवार से मौसम में आंशिक सुधार के आसार हैं और न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। पटना में रविवार की रात ठंड ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उत्तर-पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं का प्रभाव ऐसा रहा कि नवंबर माह का न्यूनतम पारा पिछले 12 साल में सबसे निचले स्तर पर आ गया। इस तरह एक दशक से भी ज्यादा समय का रिकार्ड टूट गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पटना का पारा 9.4 डिग्री दर्ज रहा। इससे कम तापमान वर्ष 2008 में रहा था। तब न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री पर पहुंच गया था। शनिवार की रात पारे ने जहां पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ा था जब न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि राज्य के कुछ भाग में अब उत्तर-पूर्व दिशा से भी हवा बह रही है। इससे न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि के आसार हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल भी छाए रह सकते हैं।

सूबे में सबसे ठंडा रहा गया

पिछले 24 घंटों में गया सूबे में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। भागलपुर में न्यूनतम पारा सामान्य से छह डिग्री नीचे 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्णिया में भी काफी ठंड रही और न्यूनतम पारा लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

दिन का तापमान चढ़ने से राहत

रविवार को दिन का तापमान काफी कम था। सोमवार को अच्छी धूप खिलने से तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम पारा 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी शाम के बाद बिना स्वेटर के बाहर निकलने की स्थिति नहीं थी। राजधानी में कुछ इलाकों को छोउ़कर सड़कों पर रात आठ बजे के बाद सन्नाटा दिखने लगा। मौसमविदों के मुताबिक आसमान साफ होने की वजह से न्यूनतम पारा लगातार गिर रहा है। यही वजह रही कि पटना का न्यूनतम पारा पिछले 48 घंटों में लगभग नौ डिग्री तक नीचे आ गया।

Leave a Reply